नई दिल्ली. बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा दूरदर्शन को दिया गया इंटरव्यू विवादों में घिर गया है। सूत्रों के मुताबिक मोदी के इंटरव्यू के उस हिस्से को काट दिया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था प्रियंका गांधी वाड्रा 'उनकी बेटी जैसी' हैं। बताया जाता है कि मोदी ने यह भी कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को निशाना नहीं बनाया जाता है। इस इंटरव्यू में मोदी ने दूरदर्शन पर यह आरोप भी लगाया कि सरकारी टीवी चैनल ने उन्हें 'ब्लैक आउट' कर रखा है। मोदी ने यह भी कहा कि इसी वजह से इंटरव्यू का निवेदन आने पर उन्हें आश्चर्य हुआ।
सूत्रों का कहना है कि दूरदर्शन का एक धड़ा यह चाहता था कि पहले कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी का इंटरव्यू प्रसारित किया जाए, उसके बाद ही मोदी का इंटरव्यू दिखाया जाए। मोदी के इंटरव्यू की 'काट-छांट' करने में काफी वक्त लगा और यह भी इसे देर से दिखाए जाने की एक वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि इसी काट-छांट के दौरान यह तय किया गया कि इंटरव्यू के उस हिस्से को नहीं दिखाया जाएगा, जिसमें मोदी ने प्रियंका गांधी पर निशाने साधने के सवाल को नकारते हुए कहा कि वह उनकी बेटी की तरह हैं।

No comments:
Post a Comment