नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी की चुनौतियां बढ़ती जा रही है। 'आप'
विधायक विनोद बिन्नी के बाद पार्टी की एक और सदस्य टीना शर्मा ने भी
बगावत कर दी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में
शाजिया इल्मी, आशुतोष, संजय सिंह, दिलीप पांडे, गोपाल राय समेत पांच
उम्मीदवार पहले से तय हैं। ऐसे में लोगों से फॉर्म क्यों भरवाए जा रहे
हैं। टीना ने कहा- मैं योगेंद्र यादव की वजह से पार्टी में आई थी और मैं
उनका बहुत सम्मन करती हूं। मैं महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर काम करती हूं,
लेकिन पार्टी ने अभी तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। इसके अलावा बिजली,
पानी समेत कई वादों पर दिल्ली की जनता सवाल पूछ रही है।
इससे पहले बिन्नी ने केजरीवाल के उस दावे को खारिज किया है, जिसमें
लोकसभा टिकट न दिए जाने को उनकी नाराजगी की वजह बताई जा रही है। बिन्नी ने
ट्वीट किया, 'यदि अरविंद भाई ने ऐसा कहा है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है, फिर
तो कोई उनसे बड़ा झूठा नहीं है लोकसभा के टिकट की तो कोई बात नहीं थी।'
बिन्नी ने कहा है कि उन्होंने कभी न तो पहले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट
मांगा और न ही अब लोकसभा के लिए पार्टी टिकट की मांग की।
बिन्नी के बगावती तेवरों पर पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पहली
बार खुलकर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि बिन्नी लोकसभा टिकट न दिए जाने
के कारण नाराज हुए हैं। केजीरवाल ने कहा, 'बिन्नी पहले मंत्री पद न दिए
जाने के कारण नाराज हुए थे और अब लोकसभा टिकट मांग रहे थे। लोकसभा टिकट भी न
दिए जाने के कारण उन्होंने मोर्चा खोला है।' केजरीवाल ने कहा कि उनकी
पार्टी को आलोचनाओं से डर नहीं लगता, बिन्नी को भी सरकार के कामों की
आलोचना करने का हक है। लेकिन, बिन्नी का कहना है कि पार्टी उन्हें बिना
मांगे मंत्री पद दे रही थी, उन्होंने खुद पद लेने से इनकार किया। बिन्नी
के बागी तेवरों को देखते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने और जवाब
संतोषजनक नहीं होने पर पार्टी से निकाले जाने की भी अटकलें हैं।

No comments:
Post a Comment