नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस के चार अफसरों (एक एसीपी और तीन एसएचओ) के निलंबन की मांग को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल
धरने पर बैठे हैं। वहीं उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री
मनीष तिवारी को घेर लिया। इस वजह से उन्हें पैदल चल कर ऑफिस जाना पड़ा।
इसके बाद पुलिस और 'आप' कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है
कि एक गाड़ी हटाने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया था।
झड़प के दौरान दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। इसके
बाद पुलिस ने रेल भवन के पास धरने पर बैठे केजरीवाल को समर्थकों के साथ
जंतर-मंतर जाने को कहा है।
केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस पर लगाई आरोपों की झड़ी
रेल भवन के पास एक पार्क में धरने पर बैठे अरविंद केजरीवाल ने
कहा है कि वे 10 दिनों की तैयारी करके आए हैं। उन्होंने लोगों को संबोधित
करते हुए कहा, 'अगर किसी इलाके में बलात्कार होता है तो किसी की
जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। हमने लेफ्टिनेंट गवर्नर साहब से मुलाकात कर
गैंगरेप की शिकार महिला के मामले को उठाया। हमने कहा कि यह घटना जिस इलाके
में हुई है उसके एसएचओ को सस्पेंड किया जाए।' केजरीवाल ने केंद्रीय गृह
मंत्री सुशील शिंदे और दिल्ली पुलिस पर भ्रष्टाचार और घूसखोरी के आरोपों की
झड़ी लगा दी। उन्होंने ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस
गलत लोगों के साथ मिल जाती है। केजरीवाल ने कहा कि जिन महिलाओं को
जबर्दस्ती वेश्यावृत्ति में धकेला जा रहा है, जिन महिलाओं को जिंदा जलाया
गया और बलात्कार की शिकार महिलाओं को इंसाफ दिलाने के लिए वे सामने आए हैं।

No comments:
Post a Comment