नई दिल्ली. कांग्रेस ने पार्टी प्रवक्ताओं के लिए हिदायत
जारी की है कि वे टीवी बहस या पब्लिक फोरम पर राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र
से संबंधित बयान देने से बचें। राहुल अमेठी से लोकसभा सांसद हैं और बुधवार
को आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने एलान किया था कि वह राहुल के
खिलाफ कुमार विश्वास को चुनाव लड़वाएंगे। विश्वास ने भी तत्काल कहा कि पार्टी का आदेश मिलते ही वह अमेठी चले जाएंगे और राहुल गांधी को हराने में जुट जाएंगे।
कांग्रेस के लिए परेशान करने वाली खबरों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी जिस विमान से रायबरेली से दिल्ली लौट रहे थे, वह एयरफोर्स के विमान से टकराने से बाल-बाल बच गया। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं, विधानसभा चुनावों में झटके और संसद में अविश्वास प्रस्ताव की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता
भ्रमित नजर आ रहे हैं। नेता कभी शीर्ष नेतृत्व और नीतियों पर सवाल उठा रहे
हैं, तो कभी गुणगान कर रहे हैं। बुधवार को विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने
कहा है, ‘हमारी पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी जो निर्णय लेती हैं, वह
सर्वमान्य होता है। वो हमारी नेता हैं। वे सिर्फ राहुल की मां नहीं, हमारी
भी मां हैं। पूरे देश की मां हैं।’

No comments:
Post a Comment