ग्वालियर। भारतीय वायुसेना का सी-130 जे विमान मध्य प्रदेश और
राजस्थान सीमा पर करौली के निकट शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
घटना में पायलट सहित 5 की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि विमान ने आगरा
से रूटीन ट्रेनिंग उड़ान भरी थी और श्योपुर के पास चंबल नदी पार कर
राजस्थान के करोली जिले के करमपुरा थाना क्षेत्र के महाराजपुरा पुलिस चौकी
के पास गिर गया। घटना सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच होनी बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान में पहले धमाके के साथ आग लगी और उसके
बाद वह क्रैश हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को
सूचना दी।
एयरफोर्स के हैलीकॉप्टर रवाना-
जानकारी के मुताबिक, करौली जिला प्रशासन और श्योपुर का पुलिस अमला भी
मौके पर पहुंच गया है। साथ ही एयरफोर्स के ग्वालियर और आगरा एयरबेस से लोग
भी पहुंच रहे हैं। एयरफोर्स सूत्रों के मुताबिक, ग्वालियर, आगरा, बरेली से
वायुसेना के हैलीकॉप्टर घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं। ग्वालियर कलेक्टर
पी. नरहरि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि दुर्घटना के बाद से हम
लगातार श्योपुर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि हम
आगरा, धौलपुर, दौसा और करोली के प्रशासनिक अमले से भी पल-पल की खबर ले रहे
हैं।

No comments:
Post a Comment